BIG BREAKING
बिहार में उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और शहरी विकास को लेकर बड़े फैसले, 34 एजेंडों पर सरकार की मुहर
पटना : बिहार सरकार ने राज्य के समग्र विकास, औद्योगिक विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. इनमें उद्योगों के लिए जमीन अधिग्रहण से लेकर अस्पतालों में विशेषज्ञों की नियुक्ति, सड़क निर्माण और शहरी जलापूर्ति जैसी योजनाएं शामिल हैं.
बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में आज से ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हुई. अब कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल और पेपरलेस होगी.मंत्रिमंडल के एजेंडे और प्रस्तावों का कामकाज ऑनलाइन होगा. कैबिनेट की बैठकों में कागजी दस्तावेजों की निर्भरता कम होगी. नई व्यवस्था से सरकारी कामकाज में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा. फैसलों की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की पहल हुई. डिजिटल तकनीक से कैबिनेट की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी. डिजिटल बिहार और सुशासन की दिशा में राज्य सरकार का बड़ा कदम है.
औद्योगिक विकास को बढ़ावा
उद्योग विभाग के तहत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का अवधि विस्तार किया गया है. इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 मार्च 2027 तक योजना के क्रियान्वयन के लिए 16451.60 लाख रुपये की अनुमानित राशि स्वीकृत की गई है. नालंदा जिले के औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए 72 एकड़ भूमि अधिग्रहण पर 3.82 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. समस्तीपुर में 480 एकड़ तथा शेखपुरा के चेवाड़ा क्षेत्र में 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए क्रमशः लगभग 261.92 करोड़ और 62.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. इससे औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
खेल और खनन क्षेत्र: खेल विभाग ने राज्य खेल अनुदान मार्गदर्शिका, 2026 तैयार करने का निर्णय लिया है. इसके माध्यम से राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की व्यवस्था होगी. वहीं खान एवं भूतत्व विभाग के बिहार खनिज (समनुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली में तृतीय संशोधन, 2026 को स्वीकृति दी गई है.
सोन नदी और शहरी विकास
सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर आरा, डिहरी और सासाराम के क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने की योजना के क्रियान्वयन का प्रस्ताव है. इसके लिए 1347.32 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रावधान किया गया है. पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए भी लगभग 1794.32 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में जलाशय, इंटेक वेल, जल शोधन संयंत्र, पाइपलाइन और स्मार्ट वाटर मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किए जाएंगे.
पंचायत और पिछड़ा वर्ग कल्याण: पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत भवनों के रखरखाव के लिए प्रतिवर्ष 24 हजार रुपये देने की स्वीकृति दी गई है. पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 17 अतिरिक्त पदों के सृजन तथा विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए नियमावली और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रशिक्षण योजनाओं को मंजूरी दी गई है.
भूमि, स्वास्थ्य और प्रशासन: किशनगंज में एसएसबी की वाहिनियों के भवन निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न चिकित्सकों से संबंधित अनुशासनात्मक मामलों पर निर्णय, मेडिकल फिजिसिस्ट सह रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा नियमावली, स्वास्थ्य तकनीकी पदों की सेवा नियमावली और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के लिए नियुक्तियों से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं. इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना में रेडियोथेरेपी और मेडिकल केयर विभाग के लिए कुल 68 पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी गई है.
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के अंतर्गत लोदीपुर, पटना में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के मुख्यालय भवन निर्माण के लिए पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. उद्योग विभाग के माध्यम से 'बिहार है तैयार' अभियान और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के आयोजन की तैयारी भी की जाएगी. भवन निर्माण विभाग ने पटना में रियल एस्टेट परियोजना के विकास के लिए समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी है. पथ निर्माण विभाग के तहत भोजपुर-अरवल-अरवलबाद मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. अंत में बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन से संबंधित प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है.
इन फैसलों के जरिए सरकार ने औद्योगिक निवेश, बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण प्रशासन और सड़क संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।