Live

BIG BREAKING

बिहार में निगरानी विभाग के कांस्टेबल पर बड़ी कार्रवाई, 1.45 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का कोर्ट का आदेश, 30 दिनों की मोहलत

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग के एक कांस्टेबल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. निगरानी की विशेष अदालत ने कांस्टेबल शशि भूषण कुमार की करीब एक करोड़ 45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है. अदालत के इस फैसले के बाद संबंधित संपत्तियों को सरकार के पक्ष में जब्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी.

जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग ने वर्ष 2021 में अपने ही विभाग के कांस्टेबल शशि भूषण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था. उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से संबंधित आरोप थे. मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद करीब पांच साल बाद निगरानी अदालत ने संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया है.

अदालत के आदेश के मुताबिक, कांस्टेबल की 13 जमीनों और भूखंडों के अलावा एक होटल, बैंक्विट हॉल तथा 14 एलआईसी पॉलिसियों को भी जब्त किया जाएगा. इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये बताई गई है.

अदालत ने संबंधित संपत्तियों को 30 दिनों के भीतर सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय सीमा के भीतर संपत्ति सरकार को नहीं सौंपे जाने की स्थिति में पटना के जिलाधिकारी को जब्ती की कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है.

इस कार्रवाई को निगरानी विभाग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जिस विभाग की जिम्मेदारी भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई करने की है, उसी विभाग के एक कांस्टेबल के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है. वर्ष 2021 में दर्ज मामले में पांच साल बाद आए अदालत के आदेश से अब संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें