Live

BIG BREAKING

खरौंध रेलवे स्टेशन बेस कैंप हमला कांड में एक और हार्ड कोर नक्सली गिरफ्तार, 9वीं बड़ी सफलता

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

नवादा: बड़ी खबर बिहार के नवादा से है जहां जिला पुलिस ने बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार चल रहे एक और हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित नक्सली गया जिले में अपने गांव में छिपा हुआ है. इसके बाद एसटीएफ के नेतृत्व में नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमन के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई और सिरदला थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा है. गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ शिविर में पूछताछ कर उसे सिरदला थाना पुलिस को सौंप दिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारी रवानी उर्फ श्याम बिहारी चंद्रवंशी (पिता- स्व. शंकर रवानी), निवासी जुझारपुर, थाना गोह, जिला औरंगाबाद के रूप में हुई है. उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ नवादा सहित बिहार के कई थानों में नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं. वर्तमान गिरफ्तारी सिरदला थाना कांड संख्या264/16के तहत की गई है. यह मामला3नवंबर2016का है,जब तिलैया-कोडरमा रेलखंड पर निर्माणाधीन खरौंध रेलवे स्टेशन के बेस कैंप पर भाकपा (माओवादी) के नक्सलियों ने हमला कर दिया था.

इस दौरान नक्सलियों ने लेवी नहीं देने पर ठेकेदारों और मजदूरों के साथ मारपीट की थी,गोलीबारी की थी और पोकलेन मशीन,स्कॉर्पियो समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था. इस घटना के बाद पुलिस ने63नक्सलियों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी.

पुलिस सूत्रों के अनुसार,बिहारी रवानी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इससे पहले भी इस मामले में9आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं,हाल ही में एसटीएफ और सिरदला पुलिस ने इंद्रजीत महतो उर्फ पंकज उर्फ पप्पू और संतोष चौधरी को अरवल जिले से गिरफ्तार किया था.

इस ताजा कार्रवाई के साथ अब तक कुल10आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि फरार अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.

दिनेश कुमार की रिपोर्ट---

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें