BIHAR NEWS
भोजपुरी सिनेमा को सम्राट सरकार का बड़ा तोहफा, फिल्मों को मिलेगी सब्सिडी, फिल्म सिटी निर्माण में भी सहयोग, कलाकारों को मिलेगा प्रोत्साहन
पटना : बिहार में भोजपुरी फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महत्वपूर्ण घोषणा की है. पटना के बापू सभागार में आयोजित आईवीवाई भोजपुरी म्यूजिक अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल से फिल्मों को सब्सिडी देने की शुरुआत भोजपुरी फिल्मों से की जाएगी. सरकार की इस पहल से भोजपुरी सिनेमा के विकास, फिल्म निर्माण और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समारोह के दौरान भोजपुरी कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि कलाकार मिलकर फिल्म सिटी के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान तय करें. सरकार इसके निर्माण में सहयोग करेगी. इस घोषणा को बिहार में फिल्म उद्योग के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.
फिल्म निर्माण की लागत कम करने में मिलेगी मदद
भोजपुरी फिल्मों को सब्सिडी मिलने से निर्माताओं को फिल्म निर्माण की लागत का कुछ हिस्सा वापस पाने में सहायता मिल सकती है. हालांकि,सब्सिडी की राशि,पात्रता की शर्तें और आवेदन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश सामने आने के बाद ही योजना के वास्तविक लाभ का आकलन किया जा सकेगा.
यदि योजना प्रभावी तरीके से लागू होती है,तो इससे बिहार में अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहन मिल सकता है. स्थानीय कलाकारों,तकनीशियनों,लेखकों,निर्देशकों और फिल्म निर्माण से जुड़े अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना भी है.
फिल्म सिटी से मजबूत हो सकता है स्थानीय उद्योग
फिल्म सिटी के निर्माण से शूटिंग के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है. इससे निर्माताओं को दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा. होटल,परिवहन,खानपान और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ पहुंच सकता है.
आईवीवाई भोजपुरी म्यूजिक अवार्ड समारोह में पवन सिंह को सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक और शिल्पी राज को सर्वश्रेष्ठ महिला गायिका का पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं.
कुल मिलाकर,सब्सिडी और प्रस्तावित फिल्म सिटी से भोजपुरी सिनेमा को बढ़ावा देने की संभावनाएं हैं. अब योजना के क्रियान्वयन और सरकार की आगामी नीतियों पर सबकी नजर रहेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।