अंतरराज्यीय आर्म्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
भोजपुर में STF पटना और कोईलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने हथियार के साथ 3 तस्करों को दबोचा
आरा : बड़ी खबर भोजपुर जिले से है जहां पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ पटना और कोईलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने कोईलवर थाना क्षेत्र के मनभावन चौक के पास छापेमारी कर तीनों को पकड़ा है. पकड़े अभियुक्तों के पास से विभिन्न बोर के कुल 19,250 कारतूस, पिस्टल, चारपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र निवासी लालटू कुमार, पिता रामदेव चौधरी, सरस कुमार, पिता स्वर्गीय मधुरेंद्र कुमार तथा सिवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी चंदन तिवारी, पिता नंदकिशोर तिवारी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अभियुक्त अंतरराज्यीय आर्म्स तस्कर हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान हथियार और कारतूस की तस्करी से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है.
इसके साथ ही पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूर्व में कब-कब और किन-किन स्थानों पर हथियार एवं कारतूस की डिलीवरी की है तथा इस अवैध कारोबार में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है. इस कार्रवाई के बाद अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट --
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।