Live

दर्दनाक हादसा

भोजपुर में सोन नदी में डूबने से 4 की मौत, तीन बच्चों को बचाने में युवक ने गंवाई जान

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

आरा : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के भोजपुर से है जहां नवरात्रि की धूम के बीच जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थ कौल गांव के पास शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से 3 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई. घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है. मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन बच्चे सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख लगभग25वर्षीय एक युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा. हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूब गया. इस प्रकार तीन बच्चों को बचाने के प्रयास में युवक की भी जान चली गई.

घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद नदी से चारों के शव बरामद किए गए. हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.

मृतकों में10से15वर्ष की आयु के तीन बच्चे और लगभग25वर्षीय एक युवक शामिल है. मृतकों की विस्तृत पहचान की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.

हादसे की गंभीरता को देखते हुए संदेश प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बिनेश कुमार और संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

सोन नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन ली. जिन घरों में कुछ समय पहले तक सामान्य माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है. एक साथ चार लोगों की मौत से तीर्थ कौल गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है. नवरात्रि के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें