BIHAR NEWS
भोजपुर में नौकरी का झांसा देकर लड़कियों को बंधक बनाने का खुलासा, पुलिस ने आर्केस्ट्रा ठिकानों से 10 लड़कियों को मुक्त कराया
आरा : भोजपुर जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को बुलाने और बाद में उन्हें बंधक बनाकर जबरन नृत्य कराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत धोबहा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक नाबालिग समेत 10 लड़कियों को मुक्त कराया है. इस कार्रवाई में दो महिला संचालकों समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, धोबहा थाना क्षेत्र के बागीचा इलाके में कुछ बालिग और नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर रखने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम में महिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय थाना पुलिस को शामिल किया गया. गुरुवार को पुलिस ने संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
मुक्त कराई गई लड़कियां भोजपुर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें रोजगार दिलाने का भरोसा देकर बुलाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन नर्तकी का काम कराया जाने लगा. विरोध करने पर उन्हें बंधक बनाकर रखा गया. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
गिरफ्तार आरोपितों में तीन पुरुष और दो महिला संचालक शामिल हैं. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
इससे पहले 11 अक्टूबर को भी इसी इलाके में कार्रवाई कर 12 लड़कियों को मुक्त कराया गया था. लगातार सामने आ रहे मामलों ने रोजगार के नाम पर लड़कियों को फंसाने वाले नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस के सामने अब पीड़ितों की सुरक्षा, पुनर्वास और ऐसे गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की चुनौती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।