भोजपुर में बड़ी घटना की साजिश नाकाम : पुलिस ने हथियार के साथ 2 शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार
आरा:बड़ी खबर भोजपुर से है जहां जिले के चरपोखरी थाना की पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार और कारतूस के साथ 2 शातिर बदमाशों को पकड़ा है. पकड़े गए अपराधियों के पास से अवैध लोडेड पिस्तौल,दो मैगजीन,11 जिंदा कारतूस,दो मोबाइल फोन एवं बिना नंबर की एक यामाहा आर15 बाइक बरामद किया गया है.
मामले में पीरो एसडीपीओ स्नेह सेतू ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक राज के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 7 जुलाई को चरपोखरी पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन की काले रंग की यामाहा आर15 बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया.
पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे,लेकिन पहले से सतर्क पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से एक लोडेड पिस्तौल,दो मैगजीन,11 जिंदा कारतूस,दो मोबाइल फोन और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी रमेश चौधरी के पुत्र विकास चौधरी उर्फ गोलू चौधरी तथा नारायणपुर थाना क्षेत्र के चासी गांव निवासी संतोष पांडेय के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है. वर्तमान में विशाल कुमार चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव में रह रहा था.
एसडीपीओ ने बताया कि विकास चौधरी उर्फ गोलू चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ उदवंतनगर थाना में आर्म्स एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं. पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने यह पिस्तौल दानापुर से 1 लाख 60 हजार रुपये में खरीदी थी.
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. फिलहाल दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट