Hindi News / न्याय की मांग को लेकर मानवाधिकार संगठन की आठ सदस्यीय टीम बिलौटी रवाना

भरत तिवारी हत्याकांड मामला : न्याय की मांग को लेकर मानवाधिकार संगठन की आठ सदस्यीय टीम बिलौटी रवाना

Edited By:  |
bharat tiwari hatyakand mamla

छपरा: चर्चित भरत तिवारी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच में सहयोग करने के उद्देश्य से मानवाधिकार संगठन की आठ सदस्यीय जांच टीम बुधवार को छपरा से भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के लिए रवाना हुई. टीम को छपरा व्यवहार न्यायालय के गेट संख्या-1 से लोक अभियोजक (पी.पी.) सर्वजीत ओझा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मानवाधिकार संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन शुरू से ही इस बहुचर्चित मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जांच की प्रगति से संबंधित अपडेट प्राप्त कर रहा है. इसी क्रम में टीम को घटना स्थल का निरीक्षण करने, पीड़ित परिवार से मुलाकात करने, स्थानीय लोगों से बातचीत करने तथा उपलब्ध तथ्यों का संकलन करने के लिए बिलौटी भेजा गया है. संगठन का कहना है कि वह निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच में हर संभव सहयोग करेगा, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके.

टीम के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का जल्द खुलासा होगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि मानवाधिकार संगठन का उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना ही नहीं, बल्कि समाज में कानून के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत करना है. संगठन ने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक उसका प्रयास लगातार जारी रहेगा.

छपरा से मनोरंजन पाठक की रिपोर्ट-