Hindi News / डिग्री कॉलेज का किया उद्घाटन, 211 महाविद्यालयों को मिली मान्यता

भागलपुर से CM सम्राट की बड़ी सौगात : डिग्री कॉलेज का किया उद्घाटन, 211 महाविद्यालयों को मिली मान्यता

Edited By:  |
bhagalpur se cm samrat ki badi saugaat

भागलपुर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भागलपुर दौरे के दौरान शिक्षा और विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की. मुख्यमंत्री ने गौराडीह प्रखंड के काशील खरबा गांव पहुंचकर नवस्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया. वहीं भागलपुर से ही रिमोट के माध्यम से राज्य के 211 महाविद्यालयों को मान्यता देने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े. उन्होंने कहा कि राज्य में इसी वर्ष नए उद्योग लगाने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अब तक करीब 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में सरकारी सहायता राशि भेजी जा चुकी है. उन्होंने घोषणा की कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जुलाई को उन सभी पात्र महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि भेजी जाएगी जो अब तक इस योजना से वंचित रह गई हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा,रोजगार और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री के इस दौरे और घोषणाओं से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं,अभिभावकों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम में कई मंत्री,जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.

भागलपुर से डबलू कुमार की रिपोर्ट-