वड़ी कामयाबी
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग महिला की सोने की चेन काटने वाले खगड़िया गिरोह का पर्दाफाश, 6 सदस्य गिरफ्तार
भागलपुर: बिहार के भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग महिला यात्री की सोने की चेन काटने के मामले में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खगड़िया गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से धारदार ब्लेड और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है.
मामले में रेल डीएसपी आलोक कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक बुजुर्ग महिला यात्री की सोने की चेन काटे जाने की शिकायत मिली थी. घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की. जांच के दौरान घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई जिसके बाद खगड़िया गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा गया. गिरफ्तार सदस्यों के पास से धारदार ब्लेड और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.
रेल डीएसपी के मुताबिक गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह की गतिविधियों से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही है.
भागलपुर से डबलू कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।