Live

BIHAR POLITICS

भागलपुर में विपक्ष पर बरसे चिराग पासवान, बोले- भारत में पाकिस्तान और नेपाल जैसी स्थिति की सोच रखना भ्रम

D
Deepak Kumarलेखक

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना,कहा- विदेशी ताकतों की सोच को बल दे रहा विपक्ष;आत्ममंथन करता तो शायद खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस मिल जाती
भागलपुर: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल जैसी राजनीतिक परिस्थितियां पैदा करने की सोच रखता है। चिराग ने कहा कि विपक्ष को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि भारत में अराजकता का माहौल पैदा किया जा सकता है।

विपक्ष की मंशा पर उठाए सवाल
चिराग पासवान ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता बांग्लादेश और पाकिस्तान की परिस्थितियों की तुलना भारत से करते हैं। उन्होंने यूरोप में जारी अशांति, नेपाल में सत्ता परिवर्तन और पाकिस्तान में सेना की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि भारत जैसे मजबूत लोकतंत्र में इस तरह की परिस्थितियां पैदा करने की सोच गलत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने प्रदर्शनों के जरिए विदेशी ताकतों की सोच को बल देने का काम कर रहा है। चिराग ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन उसकी जिम्मेदारी संवैधानिक व्यवस्था के दायरे में रहकर काम करना है।

संसद नहीं चलने देने पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने और महाभियोग की चर्चा को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद के बाहर लोकतंत्र और संसदीय प्रक्रियाओं की बात करता है, लेकिन जब सदन चलता है तो कार्यवाही बाधित की जाती है। चिराग ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर भी विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए।

EVMपर सवाल उठाने को बताया राजनीतिक मुद्दा
चिराग पासवान ने विपक्ष की ओर से ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों के बाद संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए।

उन्होंने आगामी शीतकालीन सत्र का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि विपक्ष फिर इन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर संसद की कार्यवाही बाधित कर सकता है।

बोले- आत्ममंथन करता विपक्ष तो वापस मिल सकती थी खोई जमीन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष को अपनी राजनीतिक रणनीति और कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर विपक्ष इतना ही समय आत्ममंथन में लगाता, तो शायद उसकी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस आ जाती। चिराग पासवान के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं।

भागलपुर से आर्यन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें