BIHAR NEWS
भागलपुर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में उमड़े हजारों कार्यकर्ता
भागलपुर/पटना : बिहार के भागलपुर में सोमवार को एनडीए ने अपनी एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत भव्य पदयात्रा निकाली गई. इसमें एनडीए के घटक दलों के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए.
पदयात्रा की शुरुआत लाजपत पार्क से हुई, जो सेवा ज्योति चौक, खरमनचक और खलीफाबाग होते हुए घंटाघर चौक पर समाप्त हुई. इस दौरान भाजपा, जेडीयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
संजय सरावगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए उसके नेता अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष ने 68 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया, लेकिन अपने दावे के समर्थन में एक भी व्यक्ति को सामने नहीं ला सका.
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी को बिहार की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की घबराहट उसके बयानों में दिखाई दे रही है.
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री संतोष सुमन, नीतीश मिश्रा, दिलीप जायसवाल और दीपक प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सांसद अजय मंडल, राजेश वर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी मौजूद रहे.
कार्यक्रम के जरिए एनडीए नेताओं ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान का संदेश दिया.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।