भागलपुर में मजदूरों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी : 12 मजदूर तैरकर सुरक्षित निकले, 6 की तलाश जारी, SDRF टीम तैनात
भागलपुर : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के भागलपुर से है जहां जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी में एक भीषण नाव हादसा सामने आया है. मजदूरों को लेकर जा रही एक नाव बीच धारा में अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी करने के लिए नदी पार कर रहे थे. नाव पलटने के तुरंत बाद कई मजदूरों ने तैरकर अपनी जान बचाने की कोशिश की. इनमें से 12 मजदूर सुरक्षित रूप से तैरकर घाट पर पहुंच गए हैं. वहीं 6 लोगों की तलाश जारी है. इस मौके पर SDRF टीम तैनात हैं.
वायरल वीडियो के विश्लेषण के अनुसार,नाव पर सवार 18 लोगों में से 12 के सुरक्षित निकल आने के बाद शेष करीब 6 मजदूरों के लापता होने की आशंका है. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF)की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंच गई है. गोताखोरों की मदद से नदी की तेज धारा में डूबे और लापता लोगों की तलाश में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नाव के नीचे दबने की आशंका है.प्रशासन अलर्ट है.
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के नाव के नीचे दब जाने की आशंका जताई जा रही है.
स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं. वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
भागलपुर से संवाददाता रवि आर्यन की रिपोर्ट-