दर्दनाक सड़क हादसा
भागलपुर में घने कुहासे के बीच अज्ञात वाहन ने कार में मारी टक्कर, 2 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
भागलपुर : बड़ी खबर भागलपुर से है जहां जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर बाईपास मोड़ के पास गुरुवार सुबह घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने आर्टिगा कार में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के आसमानीचक गांव में छठ पूजा मनाने आए थे. पर्व संपन्न होने के बाद गुरुवार सुबह करीब सात बजे सभी लोग उत्तर प्रदेश के बनारस लौट रहे थे. इसी दौरान मनोहरपुर बाईपास मोड़ के पास घने कुहासे के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
हादसे में कार चालक ननकू राय (45) और वंदना राय (40), पति बालकृष्ण राय की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बुलबुल शर्मा (55), आरती शर्मा (35), आर्य शर्मा (18) और तनिश शर्मा (13) गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और 102 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की.
प्रत्यक्षदर्शी क्रांति यादव ने बताया कि हादसे में कार के आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. उन्होंने डायल 112 की पुलिस के करीब एक घंटे बाद पहुंचने का आरोप भी लगाया.
इधर, सूचना मिलने पर मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. यातायात पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया.
मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायलों का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी लोग बनारस के रहने वाले हैं. टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।