Live

BIHAR CRIME

बेतिया में सेंको ज्वेलर्स शोरूम में करोड़ों की लूट, 8 हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

D
Deepak Kumarलेखक

बेतिया में सेंको ज्वेलर्स शोरूम से दिनदहाड़े 30 से 40 करोड़ के गहने लूटे जाने की आशंका, आठ हथियारबंद अपराधियों ने मचाया तांडव
बेतिया:
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी। शहर के कालीबाग थाना क्षेत्र स्थित मशहूर सेंको ज्वेलर्स शोरूम में करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी करीब 30 से 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए गहनों की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन होना बाकी है।

जानकारी के अनुसार, तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे अपराधी शोरूम के अंदर दाखिल हुए। हथियारों के बल पर उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें एक जगह बैठा दिया। इसके बाद शोरूम में रखे कीमती आभूषणों को समेटकर फरार हो गए।

दो लोगों के सिर पर वार करने का आरोप
वारदात के दौरान विरोध करने पर दो लोगों के सिर पर वार किए जाने की बात सामने आई है। शोरूम में मौजूद महिलाओं के मुताबिक, सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।

जाते-जाते कही दोबारा आने की बात
इस घटना का एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। शोरूम में मौजूद एक महिला के अनुसार, अपराधियों ने जाते समय कथित तौर पर कहा कि वे फिर आएंगे और यह एक फिल्म की शूटिंग है।

DIG और SP मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही DIG हरकिशोर राय, SP कुमार गौतम और DSP अजीत कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और कर्मचारियों से पूछताछ की। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं।

दिनदहाड़े शहर के प्रमुख ज्वेलरी शोरूम में हुई इस बड़ी वारदात ने बेतिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें