BIHAR NEWS
बेतिया में CPI की बैठक में सरकार पर तीखा हमला, बोले नेता- भय और दमन से नहीं डरेंगे कम्युनिस्ट
बेतिया: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक सोमवार को बेतिया के बलिराम भवन में कामरेड केदार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में राज्य प्रभारी एवं पर्यवेक्षक विजय शंकर सिंह मौजूद रहे. इस दौरान पार्टी नेताओं ने देश की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए केंद्र और भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा.
बैठक में दिल्ली में आयोजित‘बदलाव जरूरी है’रैली की सफलता पर खुशी जताई गई. नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नेताओं को कथित तौर पर हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का दिल्ली पहुंचना यह दिखाता है कि भय और दमन की राजनीति से कम्युनिस्ट आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता.
भाकपा नेताओं ने दावा किया कि देश के मजदूरों,किसानों,छात्रों,नौजवानों,महिलाओं,साहित्यकारों और कलाकारों का रुझान लगातार जनपक्षीय विचारधारा की ओर बढ़ रहा है. नेताओं का आरोप रहा कि सरकार जन आंदोलनों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता के सवालों को अलग-अलग नाम देकर नजरअंदाज किया जा रहा है.
बैठक में महंगाई,बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा गया. नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान कर्ज के बोझ से परेशान हैं,जबकि बड़े कॉरपोरेट घरानों को हजारों करोड़ रुपये की राहत दी जा रही है. भाकपा ने इसे जनविरोधी नीति बताते हुए इसके खिलाफ संघर्ष तेज करने की बात कही.
राज्य नेता विजय शंकर सिंह ने बताया कि 2 अक्टूबर,गांधी जयंती के अवसर पर भाकपा पूरे देश में साम्प्रदायिक सद्भाव दिवस मनाएगी. इस दौरान साम्प्रदायिक सद्भाव मार्च निकालकर समाज में अमन,शांति और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा.
वहीं 7 नवंबर,क्रांति दिवस पर किसानों,मजदूरों,छात्रों,नौजवानों और महिलाओं के हक-अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया जाएगा.
इसके अलावा 1 से 3 दिसंबर तक देशभर के जिला मुख्यालयों पर जेल भरो अभियान चलाने की घोषणा की गई. पार्टी के मुताबिक इस अभियान में महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार,किसानों की कर्जमाफी,स्कीम वर्कर्स और संविदा कर्मियों की सेवा स्थायी करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया जाएगा.
बैठक में जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. बैठक के दौरान भाकपा ने साफ संदेश दिया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होगा.
बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।