BIHAR CRIME
बेगूसराय में शराबबंदी के बीच कफ सिरप की तस्करी का खुलासा, 2077 बोतल प्रतिबंधित सिरप के साथ दो गिरफ्तार
बेगूसराय: बिहार में शराबबंदी के बीच नशे के लिए प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी का मामला सामने आया है। बेगूसराय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2077 बोतल यानी करीब 207 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक अर्टिगा कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई बलिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित लखमिनिया स्टेशन चौक के समीप की गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि बेगूसराय से खगड़िया की ओर जा रही एक अर्टिगा कार में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
इसके बाद मजिस्ट्रेट की देखरेख में बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लखमिनिया स्टेशन चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 2077 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ, जिसकी कुल मात्रा करीब 207 लीटर बताई जा रही है।
चालक और कारोबारी गिरफ्तार,कार और मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके से कार चालक की पहचान बेगूसराय के पोखरिया निवासी राम बहादुर साह के पुत्र गंगेश कुमार के रूप में की है। वहीं, दूसरे गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र निवासी सुरेश पंजीकार के पुत्र अखिलेश पंजीकार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अखिलेश इस खेप का कारोबारी बताया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR09AS 9321) को जब्त कर लिया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच के साथ इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
बेगूसराय से खगड़िया पहुंचाई जा रही थी कफ सिरप की खेप
गुरुवार की रात बलिया डीएसपी सुबोध कुमार ने बलिया थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप खगड़िया ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद मजिस्ट्रेट की देखरेख में वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस को यह सफलता मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद कफ सिरप की खेप बेगूसराय से खगड़िया ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित सिरप कहां से लाया गया था और खगड़िया में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस नेटवर्क में अन्य कितने लोग सक्रिय हैं। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।