BREAKING NEWS
बेगूसराय में रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में तेज रफ्तार अपाचे बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना में सड़क पार कर रहे करीब 12 वर्षीय बच्चे को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया।
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत
पहली घटना रविवार देर रात नावकोठी थाना क्षेत्र के बसिया बांध इसफा के समीप की है। जानकारी के अनुसार, उजले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक नावकोठी से अपने घर सैदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चकमुजफ्फर इसफा के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पीपल के पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक का अगला हिस्सा और पहिया सड़क पर बिखर गया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विष्णुपुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी गंगा राम सहनी के20 वर्षीय पुत्र दीपांशु कुमार तथा वार्ड संख्या-7 निवासी अशोक साह के16 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
स्कॉर्पियो की टक्कर से 12वर्षीय अमन की मौत
दूसरी घटना सोमवार सुबह फुलवड़िया थाना क्षेत्र के शोकहारा सब्जी मंडी रोड के सामने हुई। यहां सड़क पार कर रहे करीब12 वर्षीय बच्चे को तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान नगर परिषद बरौनी के शोकहारा निवासी राजीव कुमार के करीब12 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना के समय वह बाजार जा रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
आक्रोशित लोगों ने तीन घंटे तक किया सड़क जाम
अमन की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ शोकहारा सब्जी मंडी रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात स्कॉर्पियो की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ।
एक ही दिन में तीन मौतों से दहला बेगूसराय
बेगूसराय में लगातार हुए इन दो सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया, वहीं दूसरी तरफ एक मासूम बच्चे की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
बेगूसराय से सौरभ कुमार
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।