BREAKING NEWS
बेगूसराय में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, लाठी-डंडों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या, तीन गंभीर घायल
कमरुद्दीनपुर गांव में दो कट्ठा अतिरिक्त जमीन जोतने को लेकर हुआ विवाद; 10से 15लोगों पर मारपीट का आरोप,घटनास्थल पर पहुंची डीएसपी ने शुरू की जांच
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर गांव की है। मारपीट की इस घटना में दूसरे पक्ष के एक महिला समेत दो लोगों के भी मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय माणिक सिंह निषाद के 60 वर्षीय पुत्र नाथो सिंह निषाद के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में मृतक के भाई दिनेश सिंह निषाद और ललित कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पांच कट्ठा जमीन के बदले दो कट्ठा अतिरिक्त जोतने पर हुआ विवाद
मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि गांव के ही किरण देव यादव ने उनके पुश्तैनी जमीन के बगल में पांच कट्ठा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि सोमवार को पांच कट्ठा जमीन के अलावा उनकी हिस्सेदारी की करीब दो कट्ठा जमीन भी जोती जाने लगी। जब उनके पिता और चाचा ने इसका विरोध किया और केवल खरीदी गई पांच कट्ठा जमीन ही जोतने की बात कही, तो विवाद शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 10 से 15 की संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उनके पिता तथा चाचा पर हमला कर दिया। इस दौरान बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें नाथो सिंह निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का वीडियो आया सामने
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में खेत में बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर जुटे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान हंगामा, मारपीट और लोगों को खदेड़ने के दृश्य नजर आने की जानकारी है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान जांच का विषय है।
डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर डीएसपी-2 दुर्गा शक्ति पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। डीएसपी दुर्गा शक्ति ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जमीन जोतने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस और अस्पताल प्रबंधन पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद मृतक के पुत्र ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, अस्पताल में भी इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई। परिजनों के मुताबिक, घायल अवस्था में उनके पिता को अस्पताल लाया गया था और उन्हें कंधे पर उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाना पड़ा। फिलहाल इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जमीन विवाद में हुई इस हत्या के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बेगूसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।