Live

BIG BREAKING

बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो मासूम बहनों की मौत, गर्भवती मां समेत तीन गंभीर

D
Deepak Kumarलेखक

NH-28 पर सुरो बनिया टोल के समीप हादसा, बाइक पर सवार थे पांच लोग; हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हुआ चालक

बेगूसराय: जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुरो बनिया टोल के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बस ने एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

दो सगी बहनों की मौके पर मौत, गर्भवती मां समेत तीन घायल

मृत बच्चियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा निवासी राजेंद्र महतो की सात वर्षीय पुत्री अमरपाली और तीन वर्षीय पुत्री मानसी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राजेंद्र महतो, उनकी 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी करिश्मा कुमारी और चार वर्षीय पुत्र रंगबाज कुमार शामिल हैं।

परिजनों के अनुसार, परिवार वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र स्थित गंगासारा गांव से बेगूसराय के बेगमसराय गांव रोजी-रोटी की तलाश में जा रहा था। इसी दौरान सुरो बनिया टोल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और दोनों मासूम बच्चियों की जान चली गई।

लोगों ने खदेड़कर पकड़ी बस, चालक फरार

हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने लगा। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और रानी चौक के समीप बस को पकड़ लिया। लेकिन चालक बस छोड़कर फरार होने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि बस मधुबनी जिले के झंझारपुर से बेगूसराय के सिमरिया में मुंडन संस्कार के लिए जा रही थी।

पुलिस ने बस जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि बस की चपेट में आने से दो बच्चियों की मौत हुई है, जबकि उनके माता-पिता और एक अन्य बच्चा घायल हुए हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया है। मृत बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दो मासूम बच्चियों की मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।

बेगूसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें