Live

BIHAR NEWS

बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बाइक की टक्कर में दो की मौत, एक घायल

D
Deepak Kumarलेखक

SH-55पर मोहनपुर गांव के पास हुआ हादसा,काम के सिलसिले में मंझौल जा रहे थे दोनों मृतक;ट्रक छोड़कर चालक फरार

बेगूसराय:बिहार के बेगूसराय में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के पास स्टेट हाईवे-55पर हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

आमने-सामने की टक्कर में गई दो लोगों की जान

मिली जानकारी के अनुसार,बाइक सवार बेगूसराय से मंझौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पन्हांस गांव निवासी रंजीत शर्मा और मेघौल गांव निवासी चंदन कुमार उर्फ मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

काम के सिलसिले में निकले थे दोनों

जानकारी के मुताबिक,रंजीत शर्मा बढ़ई का काम करते थे,जबकि चंदन कुमार उर्फ मुन्ना सिंह घरों में बिजली लगाने का ठेका लेते थे। बताया जा रहा है कि दोनों काम के सिलसिले में बेगूसराय से मंझौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे में दोनों की जान चली गई।

पन्हांस के निगम पार्षद ने बताया कि रंजीत शर्मा घर से महमदपुर में काम करने की बात कहकर निकले थे। बाद में पुलिस के माध्यम से उनके सड़क हादसे में मौत होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि रंजीत शर्मा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वहीं,मुन्ना सिंह भी बिजली के ठेकेदारी कार्य से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

ट्रक छोड़कर चालक फरार,पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। काम की तलाश में घर से निकले दोनों लोगों की एक साथ मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

बेगूसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें