दर्दनाक सड़क हादसा
बक्सर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, बाइकसवार 2 लोगों की मौत
बक्सर : बड़ी खबर बक्सर से है जहां जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर अहिरौली मोड़ के पास मंगलवार देर शाम अनियंत्रित बालू से लदा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मारी. हादसे में घटना स्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं घटना के बाद ट्रक चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बाइक सवार युवकों का सिर बुरी तरह कुचल गया जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है. सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण फिलहाल मृतक युवकों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास के लोगों की मदद से शिनाख्त करने में जुटी है. साथ ही, फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट -
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।