BIG NEWS
बांका में तालाब में डूबने से 2 बच्चियों की मौत, परिजनों में मातम
बांका : बड़ी खबर बिहार के बांका से है जहां धोरैया थाना क्षेत्र के जोठा गांव में मंगलवार को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और आगामी कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियां मातम में बदल गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
ग्रामीणों के अनुसारदोनों बच्चियां कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर अन्य बच्चों के साथ पिछले चार दिनों से रोजाना की तरह तालाब में स्नान करने गई थी. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गईं. आसपास के लोगों ने जब तक उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी. परिजनों और ग्रामीणों द्वारा दोनों बच्चियों को तुरंत आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया पहुंचाया गया जहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही धोरैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई. एक साथ दो घरों के चिराग बुझ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी. मृतकों में जोठा गांव निवासी गुड्डू लैय्या की 13 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी और कांग्रेस लैय्या की 15 वर्षीय पुत्री जानकी कुमारी शामिल है.
बांका से खगेंद्र शर्मा की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।