Live

ROAD ACCIDENT

बांका में नई महिंद्रा कार पोखर में गिरी, चालक की मौत, कार में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका, NDRFतलाश में जुटी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बांका : जिले के रजौन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. अनियंत्रित कार खुशालपुर बहियार स्थित भदैई पोखर में गिर गई. दुर्घटना के बाद

कार को बाहर निकाल लिया गया है. हादसे में कार चला रहे चालक की मौत हो गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई .

धनबाद से पूर्णिया जा रही थी नई कार

जानकारी के अनुसार, कमल किशोर ठाकुर धनबाद से नई महिंद्रा 3XO कार लेकर पूर्णिया स्थित ब्रजेश ऑटोमोबाइल शोरूम में डिलीवरी देने जा रहे थे. इसी दौरान रजौन थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर भदैई पोखर में जा गिरी. दुर्घटना में पूर्णिया जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के सुकसैना गांव निवासी 45 वर्षीय कमल किशोर ठाकुर की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. काफी प्रयास के बाद कार को पोखर से बाहर निकाला गया. इसके बाद चालक का शव बरामद किया गया. शनिवार को बांका सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया.

कार में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका

इस हादसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कार में चालक के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे? स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि चालक ने रास्ते में कुछ अन्य यात्रियों को भी कार में बैठा लिया था. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसी आशंका को देखते हुए पोखर में अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

NDRF चला रही तलाशी अभियान

घटनास्थल पर अजगैबीनाथ धाम से NDRF की टीम पहुंचकर तलाशी अभियान चला रही है. पोखर में 20 फीट से अधिक पानी होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है. वहीं, NDRF टीम के पहुंचने में करीब सात घंटे लगने को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. कार में अन्य लोगों की मौजूदगी और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें