Live

BIG BREAKING

बगहा में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार; तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर

D
Deepak Kumarलेखक

वाल्मीकिनगर से घूमकर घर लौट रहे थे छह दोस्त,परसा गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा;घायलों को बेतिया GMCHकिया गया रेफर

बगहा: बिहार के बगहा में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बगहा-भैरोगंज मुख्य सड़क पर परसा गांव के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटनास्थल पर दो की मौत, अस्पताल ले जाने के दौरान तीसरे ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान कृष्णा कुमार, धनेश कुमार और आलोक कुमार के रूप में हुई है। तीनों नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा परसौनी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

वाल्मीकिनगर घूमकर लौट रहे थे सभी छह लोग
बताया जा रहा है कि सभी छह लोग कार से वाल्मीकिनगर घूमने गए थे। घूमने के बाद वे अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बगहा-भैरोगंज मुख्य सड़क पर परसा गांव के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बगहा नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

तीन परिवारों में पसरा मातम
जिस सफर पर सभी लोग घूमने और खुशियां मनाने निकले थे, वही सफर तीन लोगों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव बरवा परसौनी में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और तीनों घायलों का इलाज जारी है।

बगहा से राकेश कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें