Live

Bihar News

बगहा में पागल कुत्ते का आतंक, डोली शोभायात्रा में 50 से अधिक लोगों को काटा

D
Deepak Kumarलेखक

पश्चिम चंपारण/बगहा:बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा बाजार में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की डोली शोभायात्रा में अचानक अफरातफरी मच गई। एक पागल कुत्ते ने हमला कर50 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा के की पूजा के लिए डोली शोभायात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा रामधाम मंदिर से शुरू होकर सिनेमा चौक होते हुए लक्ष्मी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक पागल कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

50से अधिक घायल,पांच गंभीर मरीज रेफर

कुत्ते के हमले में घायल लोगों को तत्काल बगहा के अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. पुष्पराज के अनुसार, पांच गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर किया गया है।

अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं

इस घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की कमी भी सामने आई। अनुमंडलीय अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को जरूरी इंजेक्शन निजी दुकानों से खरीदने पड़े। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस घटना ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों के आतंक और अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर भय का माहौल है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें