BREAKING NEWS
अररिया में युवती से दुष्कर्म, पंचायत में एक से पांच लाख रुपये तक का दिया गया प्रस्ताव; आरोपी गिरफ्तार
अररियाःबिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद मामले को पुलिस तक पहुंचने से रोकने के लिए पंचायत स्तर पर दो दिनों तक समझौते की कोशिश किए जाने का आरोप है। पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, पंचायत में एक लाख से लेकर पांच लाख रुपये तक देने का प्रस्ताव रखा गया और मामले को खत्म करने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता की बहन के अनुसार, घटना एक नवंबर को दोपहर करीब दो बजे हुई। उस समय युवती घर में संचालित किराना दुकान पर मौजूद थी। उसके पिता बाहर रहते हैं, जबकि मां मजदूरी करने गांव गई हुई थीं। इसी दौरान खरहट पंचायत के नंदकार गितवास निवासी दिनेश विश्वास (30) कथित तौर पर दुकान में पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर युवती के साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
दो दिनों तक पंचायत में समझौते की कोशिश
पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने पंचायत कर मामले को दबाने की कोशिश की। इस दौरान एक जनप्रतिनिधि ने कथित तौर पर एक लाख रुपये लेकर मामला खत्म करने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, दो दिनों तक चली पंचायत में एक से पांच लाख रुपये तक देने का प्रस्ताव भी सामने आया। हालांकि, परिवार समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
इसके बाद मंगलवार को पीड़िता अपनी बहन के साथ रानीगंज थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी दिनेश विश्वास को पकड़ लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
संजय कुमार का रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।