BIHAR NEWS
अररिया में छह साल के मासूम की मौत पर भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने पुलिस वाहन और दो बाइक फूंकी, कई पुलिसकर्मी घायल
अररिया : बिहार के अररिया जिले में सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई. उग्र भीड़ ने पुलिस के वाहन और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया. घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
घटना नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र की है. शुक्रवार शाम इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर भैरोगंज वार्ड संख्या नौ स्थित एसएसबी कैंप के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह वर्षीय मो. अली की मौत हो गई. मृतक बेला पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी मो. रोजीत का पुत्र था.
चालक को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक रामकुमार मेहता को पकड़ लिया. वह सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के कोशकापुर का रहने वाला है. देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया. सूचना पर बसमतिया थाना की पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराने की कोशिश की तो स्थिति बिगड़ गई. भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की. इस दौरान दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हुए. घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोट आई. पुलिस वाहन और दो बाइक में आग लगा दी गई.
एसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना पर एसपी जितेंद्र कुमार, अररिया और फारबिसगंज के एसडीपीओ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार चालक को अपने कब्जे में ले लिया है. एसपी के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।