Live

अररिया में बेखौफ चोरों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

एसपी आवास के पास ज्वेलरी दुकान में करोड़ों की चोरी, गैस कटर से शटर काटकर सोने के आभूषण ले उड़े चोर

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

अररिया : बिहार के अररिया में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एसपी आवास से महज 200 मीटर की दूरी पर चांदनी चौक से बस स्टैंड जाने वाली सड़क स्थित शगुन ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. मंगलवार रात चोरों ने गैस कटर से दुकान का शटर काटा और अंदर प्रवेश कर शोकेस में रखे सोने के तमाम आभूषण लेकर फरार हो गए. चोरी की आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक सहित पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने घटना स्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है. दुकान से कितने मूल्य के आभूषण चोरी हुए हैं, इसका सटीक आकलन अभी नहीं हो पाया है.

चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की भी मदद ली जा रही है.

मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने गैस कटर से दुकान का शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. दुकानदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता नहीं चल पाया है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

तीन साल पहले भी इसी सड़क पर हुई थी बड़ी चोरी

गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले इसी सड़क पर स्थित गहना ज्वेलरी दुकान में भी चोरों ने शटर काटकर एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषणों की चोरी की थी. अब उसी इलाके में दोबारा इसी तरह की वारदात होने से कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है. एसपी आवास के इतने करीब करोड़ों की चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अररिया से राकेश कुमार भगत की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें