BIG BREAKING
आरा में नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, छह बच्चे डूबे; चार को बचाया गया, दो की तलाश जारी
गढ़हनी थाना क्षेत्र के शांति नगर में हुआ हादसा,एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग पर ग्रामीणों ने आरा-सासाराम मुख्य सड़क किया जाम;करीब दो घंटे बाद पहुंची रेस्क्यू टीम
आरा: भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र के शांति नगर में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहाने गए छह बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से चार बच्चों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चे लापता हो गए। खबर लिखे जाने तक दोनों की तलाश जारी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद नदी में डूब रहे चार बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, दो बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
एनडीआरएफ की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दो बच्चों के लापता होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। एनडीआरएफ की टीम को जल्द बुलाने की मांग को लेकर लोगों ने आरा-सासाराम मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
करीब दो घंटे बाद पहुंची एनडीआरएफ की टीम
बताया जा रहा है कि हादसे के करीब दो घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
परिजनों में मचा कोहराम,इलाके में मातम
इस हादसे के बाद शांति नगर और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। लापता बच्चों के परिजन उनकी सलामती की उम्मीद में घटनास्थल पर डटे हुए हैं। वहीं, स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक दोनों लापता बच्चों का पता नहीं चल पाया था और उनकी तलाश जारी थी।
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।