JHARKHAND CRIME
अपराध की दुनिया के नए चेहरे बने राहुल सिंह और राहुल दुबे, दोनों के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी
अमन साहू,अमन सिंह और सुजीत सिन्हा के बाद झारखंड में संगठित अपराध के दो नए नाम चर्चा में,व्यवसायियों को धमकी और रंगदारी के मामलों में पुलिस के लिए चुनौती बने दोनों गैंग। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गैंग में शामिल करने का आरोप।
रांची: झारखंड में संगठित अपराध की दुनिया में एक बार फिर नए नाम तेजी से उभर रहे हैं। अमन साहू, अमन सिंह और सुजीत सिन्हा के बाद अब राहुल सिंह और राहुल दुबे गैंग पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आए हैं। अपराध जगत में इन दोनों गिरोहों को लेकर 'दो आर' की चर्चा हो रही है। व्यवसायियों के बीच दहशत फैलाने और रंगदारी के मामलों को लेकर दोनों गैंग सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड एटीएस ने दोनों अपराधियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्य और दस्तावेज राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ साझा किए। इसके बाद सीबीआई के माध्यम से संबंधित जानकारियां इंटरपोल तक पहुंचाई गईं। इसी प्रक्रिया के तहत राहुल सिंह और राहुल दुबे के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे दोनों की तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज होने की उम्मीद है।
पुलिस की लगातार कार्रवाई,फिर भी गैंग पर पूरी तरह लगाम नहीं
राहुल सिंह और राहुल दुबे से जुड़े गिरोहों के खिलाफ झारखंड पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। दोनों गैंग से जुड़े दर्जनों अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, कुछ मामलों में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें अपराधी गोली लगने से घायल हुए। इसके बावजूद संगठित अपराध की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
इस मामले में आईजी ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दोनों गिरोहों से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया जाएगा कि ऐसे मामलों को चिह्नित कर स्पीडी ट्रायल कराया जाए, ताकि अपराधियों को जल्द सजा मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गैंग में शामिल करने की कोशिश
इस पूरे मामले में एक और चिंताजनक पहलू सामने आया है। रांची के सिटी एसपी के मुताबिक, ये आपराधिक गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित कर रहे हैं। युवाओं को 30 से 50 हजार रुपये तक का लालच देकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
इसके लिए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल का सहारा लिया जाता है। स्नैपचैट और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से संपर्क साधा जाता है। उन्हें पैसों का लालच देकर अपराध की दुनिया में धकेला जाता है। सिटी एसपी के अनुसार, इन युवाओं का इस्तेमाल 'यूज एंड थ्रो' की तर्ज पर किया जाता है।
रांची पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर आपराधिक गतिविधियों का हिस्सा न बनें।
युवाओं का अपराध की ओर बढ़ता आकर्षण बनी सबसे बड़ी चुनौती
झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। गिरफ्तारियां हो रही हैं, मुठभेड़ हो रही हैं और गैंग के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश भी की जा रही है। इसके बावजूद इन गिरोहों की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि अपराधी अब युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करने के लिए सोशल मीडिया और पैसों के लालच का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस के सामने केवल अपराधियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि युवाओं को अपराध की दलदल में जाने से बचाने की भी बड़ी चुनौती है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।