RJD दफ्तर का आंगनबाड़ी सेविकाओं ने किया घेराव
जमकर की नारेबाजी, पुलिस के पहुंचते ही रणक्षेत्र में बदला पूरा इलाका
PATNA : बिहार विधानसभा में शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन है। एकतरफ जहां सदन के अंदर खूब हंगामा हो रहा है तो दूसरी तरफ आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका अपनी मांगों को लेकर डटी हैं और लगातार प्रदर्शन कर रही हैं।
आंगनबाड़ी सेविकाओं का प्रदर्शन
गुरुवार को भी राजधानी पटना में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने मोर्चा खोला और आरजेडी दफ्तर का घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंची आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और आरजेडी कार्यालय के गेट पर ही धरने पर बैठ गईं।
सिटी एसपी समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे
हालांकि, आरजेडी दफ्तर के घेराव की खबर मिलते ही तुरंत बड़ी संख्या में पुलिस टीम पहुंची। साथ ही सिटी एसपी और कई वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फिर वाटर कैनन का इस्तेमाल कर आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं को मौके से खदेड़ा। इस दौरान काफी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के कपड़े फट गये, जिसके बाद वे काफी परेशान भी दिखीं। कई महिलाएं रोते हुए भी दिखीं।
आरजेडी दफ्तर का किया घेराव
गौरतलब है कि बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का आज बर्थ-डे है लिहाजा आरजेडी दफ्तर को विधिवत तरीके से सजाया गया था। बैलून भी लगाए गये थे, जिसे प्रदर्शनकारी आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने फोड़ भी दिया। मौके पर पहुंची पुलिस की कार्रवाई के बाद काफी अफरा-तफरी का माहौल दिखा।
मानदेय बढ़ाने और सरकारी कर्मी का दर्जा देने की मांग
गौरतलब है कि बिहार की 25 हजार आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाएं मंगलवार को पटना पहुंची और मानदेय बढ़ाने और सरकारी कर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। आंगनबाड़ी सेविकाओं के प्रदर्शन की वजह से पटना की कई सड़कें जाम हो गयी हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।