Live

BIHAR NEWS

अनंत सिंह की विधायकी खत्म कराने की तैयारी तेज, उमेश कुशवाहा ने स्पीकर प्रेम कुमार को सौंपा 10 पन्नों का अनुशंसा पत्र

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: जेडीयू से निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने की कवायद तेज हो गई है. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात कर अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की मांग की. इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को10पन्नों का अनुशंसा पत्र सौंपा. बताया जा रहा है कि पत्र के साथ अनंत सिंह के कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़े वीडियो भी दिए गए हैं.

पार्टी विरोधी गतिविधियों का लगाया आरोप

उमेश कुशवाहा ने कहा कि अनंत सिंह ने पार्टी के खिलाफ कई गतिविधियां की हैं और उनके पास इसके ठोस सबूत हैं. इन्हीं तथ्यों के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा गया है. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने के लिए आगे भी प्रयास करेगी.

जेडीयू ने हाल ही में अनंत सिंह और उनकी पत्नी व पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी ने दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है.

एमएलसी चुनाव बना कार्रवाई की वजह

दरअसल,बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया और उनके पक्ष में वोट देने की अपील की थी. इसे पार्टी नेतृत्व ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना.

इसके अलावा,जेडीयू की ओर से शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है.

विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर नजर

जेडीयू ने अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने के लिए संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए अनुशंसा की है. अब इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. उनके स्तर पर मामले की जांच और संबंधित संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल,अनंत सिंह की विधायकी पर अंतिम फैसला होना बाकी है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें