BIHAR NEWS
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में PM-CM समेत चार लाख मेहमानों को न्योता, खुद सिर्फ प्रेम कुमार को दिया कार्ड
पटना : मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर है. 25 नवंबर को शिवांगी की शादी आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होगी. शादी में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत देश की कई चर्चित हस्तियों और नेताओं को आमंत्रित किया गया है. हालांकि, इतने बड़े आयोजन के बावजूद अनंत सिंह खुद केवल विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के घर शादी का कार्ड देने पहुंचे.
शादी में करीब चार लाख मेहमानों के शामिल होने की संभावना है. मेहमानों के लिए 150 तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे. आयोजन में घुड़दौड़ भी आकर्षण का केंद्र होगी. प्रतियोगिता के विजेता को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी.
दामाद को ढाई करोड़ की डिफेंडर
शादी में महंगे उपहारों की भी चर्चा है. अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब ढाई करोड़ रुपये की डिफेंडर गाड़ी भेंट करेंगे. वहीं, छोटे बेटे को लगभग 80 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू देने की तैयारी है. शिवांगी के ससुराल बिहटा के कृष्णानगर में भी स्वागत के लिए भव्य इमारत तैयार कराई गई है.
प्रेम कुमार को खुद दिया निमंत्रण
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई नेताओं तक शादी का कार्ड उनके बेटों के माध्यम से पहुंचाया गया है. अनंत सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद केवल प्रेम कुमार को निमंत्रण दिया है. अपने खास अंदाज में उन्होंने कहा कि विधानसभा में कुर्सी पर बैठने वालों को वे क्या कहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी नेता का घर देखा ही नहीं है.
शादी के बाद कानूनी चुनौतियां
बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह के सामने कानूनी मुश्किलें भी हैं. विधानसभा सदस्यता समाप्त करने से जुड़े नोटिस का जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय मिला है. वहीं, दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चार दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. ऐसे में शादी के बाद उनकी कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजर रहेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।