BIG NEWS
अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब, नदवां में कई किलोमीटर लंबा जाम, भारी भीड़ से घुड़दौड़ का फाइनल रद्द
पटना : मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को उनके पैतृक गांव नदवां में हो रही है. शादी समारोह में शामिल होने और भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. हालात ऐसे हो गए कि नदवां गांव की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. वाहनों की लंबी कतारें लगने से आवागमन प्रभावित हुआ.
शादी समारोह में करीब 7 से 8 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है. मेहमानों की खातिरदारी के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं. आयोजन में 150 से अधिक प्रकार के पकवान और लाखों रसगुल्ले तैयार किए गए हैं. वीवीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए पांच हेलीपैड भी बनाए गए हैं.
घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला रद्द
शादी समारोह का प्रमुख आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता रही. इसमें बिहार सहित कई राज्यों से करीब 200 घोड़े पहुंचे थे. प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा थार रॉक्स, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटी देने की घोषणा की गई थी.
दोपहर में शुरू हुई प्रतियोगिता के दौरान मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ जुट गई. ट्रैक छोटा होने और भीड़ बढ़ने के कारण आयोजकों को मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा. फाइनल मुकाबला नहीं कराने का फैसला लिया गया. पहले प्रतियोगिता को किसी अन्य दिन कराने की चर्चा थी, लेकिन तत्काल फाइनल की नई तारीख घोषित नहीं की गई.
नदवां में भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घुड़दौड़ देखने के लिए कुछ लोग टावर और ऊंचे स्थानों पर चढ़ गए थे. स्थिति को देखते हुए अनंत सिंह खुद माइक से लोगों से नीचे उतरने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते नजर आए. पुलिस बल भी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटा रहा.
समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, साधु यादव और भाजपा सांसद विवेक ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे. भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी और अन्य मेहमानों के आने का सिलसिला भी जारी रहा. शादी को लेकर पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना हुआ है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।