BIHAR POLITICS
आनंद मोहन और अनंत सिंह की जेल वापसी पर तेजस्वी का नीतीश-भाजपा पर हमला, बोले- फायदा हो तो बाहर, नहीं तो करवाते हैं अंदर
पटना : पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने और मोकामा विधायक अनंत सिंह की जेल वापसी को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष राजनीतिक फायदे के हिसाब से लोगों को जेल से बाहर निकलवाता है और जरूरत खत्म होने पर अंदर करवाता है.
मीडियाकर्मियों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा की कार्यशैली यही है कि जब किसी को बाहर रखने से राजनीतिक फायदा होता है तो उसे बाहर निकलवा दिया जाता है और जब फायदा नहीं रह जाता तो जेल भेजने की कार्रवाई होने लगती है. उन्होंने आनंद मोहन और अनंत सिंह के मामलों का उल्लेख करते हुए सत्ता पक्ष की मंशा पर सवाल उठाए.
विश्वास मत का किया जिक्र
तेजस्वी ने फरवरी 2024 में बिहार विधानसभा में हुए विश्वास मत का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान जिन लोगों ने उनका साथ छोड़कर राजनीतिक पाला बदला था, उन्हें अब इसका परिणाम भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि ऊपर वाला और जनता सब देख रही है.
अनंत सिंह के मामले में तेजस्वी ने पुराने एके-47 प्रकरण का उल्लेख किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पुलिस ने उनके घर से एके-47 बरामद होने की बात कही थी, बाद में हथियार नहीं मिलने की बात सामने आई. तेजस्वी ने दावा किया कि चुनाव में साथ नहीं देने के बाद उनके खिलाफ दूसरे मामले में कार्रवाई हुई.
मीसा भारती ने भी साधा निशाना
राजद सांसद मीसा भारती ने भी आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह अदालत का फैसला है, इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. हालांकि, उन्होंने सत्ता पक्ष पर राजनीतिक जरूरत के अनुसार लोगों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द करते हुए उन्हें एक महीने में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. वहीं, अनंत सिंह से जुड़े मामले में भी कानूनी कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।