BIHAR NEWS
अमित शाह ने CM सम्राट को किया फोन, बिहार में बाढ़ से नुकसान का जायजा लेने 16 सितंबर को आएगी केंद्रीय टीम
पटना: बिहार में बाढ़ से हुई तबाही और बड़े पैमाने पर हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की टीम बिहार आएगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर बिहार में बाढ़ की स्थिति और इससे हुए नुकसान की जानकारी ली है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार ने बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए एक केंद्रीय टीम का गठन किया है. यह टीम केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बनाई गई है और परसो यानी16सितंबर को बिहार पहुंचेगी.
केंद्रीय टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लेगी. इस दौरान बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान, फसलों की बर्बादी, सड़क और पुल-पुलिया समेत सरकारी और निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा. टीम प्रभावित लोगों की स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की भी जानकारी लेगी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और राज्य सरकार लगातार राहत एवं बचाव कार्य चला रही है. अब केंद्रीय टीम के दौरे के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन सामने आएगा.
केंद्र की ओर से गठित टीम की रिपोर्ट के आधार पर बिहार को अतिरिक्त केंद्रीय सहायता मिलने की उम्मीद है. राज्य सरकार की ओर से बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा ब्योरा टीम के सामने रखा जाएगा.
बिहार में लगातार बाढ़ की स्थिति को देखते हुए केंद्रीय टीम का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।