Srijan Ghotala
CBI ने बढ़ायी आरोपियों की बेचैनी, जमानत पर चल रहे आरोपी फिर होंगे तलब, रजनी प्रिया के सामने होगी पूछताछ
Srijan Ghotala :सृजन घोटाला मामले में CBI ने आरोपियों की बेचैनी को बढ़ा दिया है। सह आरोपियों की रातों की नींद उड़ गई है। जानकारी के मुताबिक CBI के निशाने पर अब कुछ बिल्डर, लैंड ब्रोकर, बिजनेसमैन और सरकारी महकमे के कर्मचारी हैं। CBI अब रजनी प्रिया के सामने इन आरोपियों को बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
रजनी प्रिया से मिले इनपुट पर आगे बढ़ी एजेंसी
सूत्रों के मुताबिक रजनी प्रिया से मिल रहे इनपुट के आधार पर एजेंसी अब जांच में आगे बढ़ रही है। सरकारी राशि को सृजन के खाते में डायवर्ट करने के पीछे किन-किन लोगों का हाथ था, इसकी पुख्ता जानकारी CBI ने पहले ही हासिल कर ली थी। अब रजनी प्रिया के बयान ने इसपर मुहर लगा दी है।
अब नये चेहरों पर सीबीआई की नज़र
पूछताछ के दौरान रजनी प्रिया ने कुछ लोगों के नाम भी बताए है, जिनके यहां अब भी करोड़ों रुपये दबे हुए हैं। ऐसे लोगों में कुछ जमानत पर हैं तो कुछ जेल के अंदर। रजनी प्रिया ने कुछ ऐसे लोगों के भी नाम बताएं हैं, जिन्होंने सृजन से करोड़ों रुपये लिए थे। फिर भी नामजद बनते-बनते रह गये। संभव है कि रजनी की जानकारी की तस्दीक के लिए नये चेहरों से सीबीआई पूछताछ भी करे।
रजनी प्रिया को फिर से रिमांड पर ले सकती है एजेंसी
सूत्रों के मुताबिक एजेंसी रजनी प्रिया को फिर से रिमांड पर ले सकती है। इस बार कानूनी अड़चन से बचने के लिए इस बार दूसरे मुकदमे में रिमांड के लिए कोर्ट में प्रे करेगी। इस बार रजनी के सामने पुराने लोग भी होंगे। दोनों की आमने-सामने की बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। पुराने चेहरे ने पहले क्या बयान दिया था और इस बार क्या बयान दे रहे हैं? रजनी ने उस व्यक्ति के बारे में क्या बताया? उसका जवाब संबंधित व्यक्ति ने क्या दिया? जांच एजेंसी इन चारों के विश्लेषण से नया खुलासा होने की उम्मीद में है।
गौरतलब है कि सृजन घोटाले के खुलासे के बाद फरार रजनी प्रिया करीब 6 साल बाद CBI के हत्थे 10 अगस्त की सुबह चढ़ी थी। वह कुछ साल से गाजियाबाद के साहिबाबाद में किराये के एक अपार्टमेंट में रह रही थी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।