Live

BIHAR NEWS

आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम रेल यात्रा के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : महापर्व छठ एवं दीपावली के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ एवं सुचारू रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए दानापुर रेल मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई है. यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

इस क्रम में दानापुर मंडल के अंतर्गत पटना, राजेंद्र नगर टर्मिनल,पाटलिपुत्र जंक्शन, दानापुर, आरा सहित कुल 12 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया (Holding Area) विकसित किए गए हैं,जो कि कुल 32000 स्क्वायर फीट में बने हैं. इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पेयजल, 'May I Help You' सहायता केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा, टिकटिंग तथा ट्रेनों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.

यात्रियों की सुविधा एवं रेल परिचालन की सतत निगरानी के लिए स्टेशन स्तर, मंडल नियंत्रण कक्ष तथा मुख्यालय स्तर पर विशेष वॉर रूम (War Room) स्थापित किए गए हैं. इनका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित निर्णय एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है.

व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों की चौबीसों घंटे राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है. साथ ही, प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं टिकट जांच कर्मियों (TTE) की विशेष तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ टिकट संबंधी अनियमितताओं पर भी नियंत्रण रखा जा सके.

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार विशेष ट्रेनों का परिचालन तथा मांग के अनुरूप ट्रेनों की व्यवस्था (Trains on Demand) करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है.

यात्रियों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 एवं Rail Madad पोर्टल के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. यात्रियों से अपील है कि किसी भी प्रकार की सहायता, शिकायत अथवा सुझाव के लिए इन सुविधाओं का उपयोग करें.

इसके अतिरिक्त, स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात प्रबंधन की विशेष योजना बनाई गई है, ताकि वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रहे तथा यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

16 नवम्बर से 25 नवम्बर के बीच दानापुर मंडल से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए,कुल 182 स्पेशल ट्रेनें परिचालन हेतु अधिसूचित की जा चुकी हैं. इसके अलावा, आवश्यकतानुसार जल्द ही और ट्रेनें अधिसूचित की जाएंगी.

सभी यात्रियों से अपील है कि वे सुरक्षित यात्रा करें, धक्का-मुक्की न करें और किसी भी मदद के लिए पास के रेलवे कर्मचारी से संपर्क करें तथा अपनी यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें तथा ट्रेनों की अद्यतन स्थिति जानने के लिए NTES या रेलवन एप का उपयोग करें.

अभिनव सिद्धार्थ,वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर.

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें