BIG BREAKING
आरा में शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, 2 लोगों की मौत
आरा : बड़ी खबर बिहार के भोजपुर से है जहां जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में पुरानी रंजिश में हथियारबंद अपराधियों ने तीन युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रुप से घायल हो गया जिसका इलाज सदर अस्पताल में जारी है. घटना से बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरण गांव निवासी राहुल कुमार अपने दो सगे दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने मौसी की बारात में चकिया गांव पहुंचे थे जिसमें उसके दो दोस्त दीपक कुमार एवं सोनू कुमार भी मौजूद थे. शादी समारोह के दौरान जब सभी मेहमान और बाराती जश्न में डूबे हुए थे. तभी अचानक 4 से 5 की संख्या में आए हथियार बंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली चलानी शुरू कर दी और तीन युवकों को निशाना बनाते हुए उनको गोली मार दी. घटना के बाद अचानक विवाह स्थल पर अफरा तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहक उठा और शादी की खुशियां चीख पुकार में तब्दील हो गई. इस हमले में राहुल कुमार और दीपक कुमार को गोली लग गई जिसे मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं उसके साथ मौजूद तीसरा जीवन सोनू कुमार भी इस गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जिसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया. वहीं इस दोहरे घटना के बाद सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में तीन लोगों को गोली लगी है जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है एवं एक व्यक्ति जख्मी है जिसका इलाज आर के सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे एवं एक पिलेट बरामद किया है. वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. घटना के बाद शादी समारोह मातम में बदल गया.
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट --
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।