Live

BREAKING NEWS

28 अक्टूबर से झारखंड के 24 जिलों में भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान

D
Deepak Kumarलेखक

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक समाप्त,प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया ऐलान; 595मंडलों में शिक्षा सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी अभियान चलाएगी पार्टी

रांची: भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को समाप्त हो गई। बैठक के अंतिम दिन पार्टी ने झारखंड में संगठन को मजबूत करने और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने घोषणा की कि आगामी 28 अक्टूबर से राज्य के सभी 24 जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’ अभियान चलाया जाएगा।

595मंडलों में भी चलेगा अभियान

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा राज्य के सभी 595 मंडलों में शिक्षा सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर मौजूदा सरकार की कमियों को उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया है।

सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज्य सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने और सरकार की कमियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ

आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने विपक्षी दलों पर विकास कार्यों का विरोध करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र सरकार जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर आने वाले समय में झारखंड में सरकार बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ेगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए गए फैसलों के बाद अब पार्टी की नजर 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले अभियान पर है।

रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें