Live

BIHAR NEWS

250 करोड़ की लागत से बना मुजफ्फरपुर का बाईपास सालभर में ही धंसा, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

मुजफ्फरपुर : बिहार में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मुजफ्फरपुर में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मधौल-सदातपुर बाईपास सड़क एक साल भी नहीं टिक पाई. निर्माण के महज एक साल के भीतर ही सड़क का एक हिस्सा धंसकर नीचे गिर गया. इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

जानकारी के अनुसार, मधौल से सदातपुर तक लगभग 17 किलोमीटर लंबे इस बाईपास का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से कराया गया था. इसका मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना था. पिछले वर्ष इस सड़क पर आवागमन शुरू हुआ था.

लेकिन अब मधौल के समीप बाईपास के किनारे का हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है. लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क यदि एक साल भी सुरक्षित नहीं रह पा रही है, तो निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री और गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए.

इस बाईपास के शुरू होने से मोतिहारी की ओर से आने वाले वाहनों को बैरिया, चांदनी चौक और भगवानपुर-रामदयालु होकर हाजीपुर जाने की जरूरत काफी हद तक कम हो गई थी. इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी घटा था.

हालांकि सड़क का धंसा हिस्सा फिलहाल किनारे पर है, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह गंभीर हादसे का कारण बन सकता है. स्थानीय लोगों ने एनएचएआई से तत्काल स्थल निरीक्षण, निर्माण की तकनीकी जांच और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.

अब सवाल यह है कि 250 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क इतनी जल्दी कैसे धंस गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? एनएचएआई की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें