जितिया पर्व पर कई घरों में पसरा मातम,
बिहार में डूबने से 24 लोगों की मौत, मचा कोहराम, भोजपुर में सबसे दर्दनाक हादसा
PATNA :बिहार में जितिया पर्व के मौके पर नदी में स्नान करने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 24 लोगों की मौत हो गयी है। इस घटना के बाद NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी है।
भोजपुर में हुआ बड़ा हादसा, 5 की मौत
बिहार के भोजपुर जिले में सबसे बड़ा हादसा हुआ है, जहां नहाने के क्रम में पांच युवतियां सोन नदी में डूब गई हैं। कई घंटों बाद भी किसी की बरामदगी नहीं हो सकी है। पूरे गांव में चीख-पुकार मची हुई है। ये घटना चांदी थाना क्षेत्र के चांदी बहियारा गांव की है।
बताया जाता है कि जितिया पर्व पर व्रतियों के साथ सोन नदी में स्नान करने गयी 5 युवतियां तेज धार में बह गईं। मृतकों में एक ही परिवार की तीन और एक परिवार की दो युवतियां हैं, जिनमें से एक की शादी पिछले साल ही हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो सभी नहाने के बाद एक साथ सेल्फी ले रही थीं, तभी पहले से बने गड्ढे में पैर फिसला और फिर एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में एक-एक कर सभी नदी की तेज धार में समा गयी। इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मची है।
पटना में तीन लोगों की मौत
वहीं, दूसरी बड़ी घटना पटना के पालीगंज इलाके में हुई, जहां महबलीपुर में सोन नदी में डूबकर तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। बताया जाता है कि जितिया पर्व के मौके पर परिवार के संग तीनों नहाने के लिए नदी में गए थे। नहाने के दौरान ही गहरे पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। SDRF की सहायता से तीनों शव को बरामद कर लिया गया है।
बताया जाता है डूबने वाले में दो लोग एक ही गांव के हैं, जबकि एक किशोर दूसरे गांव का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान पालीगंज थानाक्षेत्र के महाबलीपुर गांव निवासी लवकुश यादव के पुत्र सागर कुमार और परियो गांव निवासी सत्येंद्र प्रसाद के पुत्र आनंद कुमार और जामुन साव के पुत्र कुश कुमार के रूप में हुई है।
नवादा में भी दो किशोर की मौत
वहीं, नवादा में नदी में स्नान करने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई है। पूरा मामला नारदीगंज थाना क्षेत्र के मसौढा गांव का है। मृतक की पहचान मोहम्मद जावेद हुसैन के 17 वर्षीय पुत्र मिस्टर आलम और सरोज प्रसाद के 17 वर्षीय पुत्र धर्मवीर कुमार के रूप में हुई है। दोनों किशोरों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सहरसा में दो की मौत
इसके साथ ही बिहार के सहरसा जिले में दो की मौत हो गयी है। जानकारी के मुताबिक ये सभी मां के स्नान करने के लिए नदी में गयी थी, तभी पैर फिसलने से ये हादसा हुआ और वे नदी के गहरे पानी में समा गयी।
कई और जिलों में हुआ दर्दनाक हादसा
वहीं, औरंगाबाद में नदी में स्नान के दौरान एक की मौत हुई है। साथ ही नरकटियागंज में पोखर में डूबने से 12 साल की बच्ची की मौत हो गयी है। घटना की खबर सुनते ही स्थानीय गोताखोर पहुंचे। ये घटना कंगाला थाना क्षेत्र के सुगाव गांव की है। वहीं, किशनगंज में भी नदी में स्नान के दौरान एक शख्स की मौत हो गयी है। बांका में भी नदी के गहरे पानी में समाने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गयी है।
भोजपुर, नवादा, पटना के साथ-साथ जहानाबाद, गया, रोहतास, बेगूसराय, सारण और गोपालगंज में नदी, आहर और पोखर में स्नान के दौरान डूबने से कई लोगों की मौत हुई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।