Live

BIHAR NEWS

2001 के अपहरण केस से शुरू हुआ भगत यादव का आपराधिक रिकॉर्ड, 25 मामलों का जिक्र, 2025 में शेरघाटी से लड़ा था निर्दलीय चुनाव

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : गया जिले के डोभी इलाके के भगत यादव उर्फ सुरेंद्र कुमार सुमन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की बड़ी कार्रवाई में भगत यादव, उसकी पत्नी, बेटे और एक सहयोगी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बिहार और झारखंड के चार जिलों में 11 ठिकानों पर हुई छापेमारी में नकदी, जमीन की रजिस्ट्री और एग्रीमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं. जांच एजेंसी अब उसके कथित आपराधिक नेटवर्क और संपत्तियों के आर्थिक स्रोतों की पड़ताल कर रही है.

2001 में दर्ज हुआ था पहला मामला

EOU की जांच के मुताबिक, भगत यादव के खिलाफ वर्ष 2001 में गया के रामपुर थाने में फिरौती के लिए अपहरण का पहला मामला दर्ज हुआ था. इस मामले में आईपीसी की धारा 364ए और 34 लगायी गयी थी. इसके बाद उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लगातार मामले दर्ज होते रहे. EOU की प्राथमिकी में 24 आपराधिक मामलों का उल्लेख है, जबकि जांच में बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में करीब 25 मामलों का ब्योरा सामने आया है.

जमीन कब्जा और रंगदारी के आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, भगत यादव पर गरीब ग्रामीणों की जमीन पर कथित अवैध कब्जा, कारोबारियों से रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े आरोप हैं. एजेंसी को संदेह है कि इन गतिविधियों के जरिए बड़ी संपत्ति अर्जित की गयी.

राजनीति में भी आजमायी थी किस्मत

भगत यादव लंबे समय तक राजद से जुड़ा रहा. 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उसने शेरघाटी सीट से राजद का टिकट मांगा था. टिकट नहीं मिलने पर उसने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा.

छापेमारी में मिले अहम दस्तावेज

27 नवंबर को हुई कार्रवाई में पटना स्थित आवास से करीब 19 लाख रुपये, औरंगाबाद के दाउदनगर से 51 लाख रुपये और गया के डोभी से तीन लाख रुपये बरामद हुए. इसके अलावा 40 जमीन रजिस्ट्री डीड और 51 एग्रीमेंट दस्तावेज मिले. EOU अब कथित बेनामी संपत्तियों, जमीन के लेन-देन और सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें