Live

BIHAR NEWS

20 साल तक जिस बोधगया में तलाशते रहे सुकून, उसी धरती पर मिली अंतिम विदाई! वियतनामी पर्यटक की मौत से गमगीन हुए विदेशी पर्यटक

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बोधगया : बिहार के बोधगया में एक वियतनामी पर्यटक की मौत से विदेशी पर्यटकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई. 56 वर्षीय वियतनामी नागरिक ले वन लुडोंग लाइम कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जिंदगी की जंग हार गए. उनके निधन की खबर मिलते ही बोधगया में मौजूद वियतनामी पर्यटक भावुक हो उठे. साथी पर्यटकों ने विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और नम आंखों से अंतिम विदाई दी.

बताया जाता है कि ले वन लुडोंग लाइम का बोधगया से करीब 20 वर्षों पुराना आध्यात्मिक रिश्ता था. वह हर साल वियतनाम से बोधगया आते थे और यहां पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होते थे. गाइड राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें कैंसर की बीमारी थी और वियतनाम में उनका इलाज चल रहा था. स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वह मानसिक शांति और बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद लेकर पिछले अक्टूबर महीने में एक बार फिर बोधगया पहुंचे थे.

लेकिन किसे पता था कि बोधगया की इस यात्रा के दौरान उनका जीवन हमेशा के लिए थम जाएगा. 19 नवंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को वियतनाम मोनेस्ट्री में रखा गया.

उनके निधन से दुखी वियतनामी पर्यटकों ने मोनेस्ट्री में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इसके बाद बौद्ध परंपरा के अनुसार निरंजना नदी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में वियतनाम के पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

बोधगया से दो दशक पुराना आध्यात्मिक रिश्ता रखने वाले ले वन लुडोंग लाइम को इसी धरती पर अंतिम विदाई दी गई. उनकी मौत से बोधगया में मौजूद वियतनामी समुदाय में गहरा शोक है.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें