Live

BIG BREAKING

17 हजार फीट पर इंडिगो विमान में तेज झटके, यात्रियों में मची चीख-पुकार, LJP नेता राजेश भट्ट बोले- लगा अब नहीं बचेंगे

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: राजधानी पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में करीब17हजार फीट की ऊंचाई पर अचानक तेज झटकों से यात्रियों में दहशत फैल गई. विमान में सवार लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार भट्ट ने इस खौफनाक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कुछ पलों के लिए ऐसा लगा जैसे विमान नीचे गिर रहा हो और अब कोई सुरक्षित नहीं बचेगा.

राजेश कुमार भट्ट के मुताबिक, वह स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ जा रहे थे. पटना से उड़ान भरने के बाद विमान सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा था. प्रयागराज के आसपास विमान करीब17हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तभी अचानक जोरदार झटके लगने शुरू हो गए.

उन्होंने बताया कि विमान तीन-चार बार तेज गति से ऊपर-नीचे और दाएं-बाएं हिचकोले खाने लगा. कुछ ही समय में विमान की ऊंचाई करीब दो से तीन हजार फीट तक कम हो गई. अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर विमान के साथ क्या हो रहा है.

राजेश भट्ट के अनुसार, बाद में जानकारी मिली कि विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आया था. उस दौरान विमान के भीतर कोई रो रहा था, कोई चीख रहा था तो कई यात्री भगवान को याद कर रहे थे.

हालांकि विमान ने लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग की. जमीन पर उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. राजेश भट्ट ने कहा कि विमान से बाहर निकलकर जमीन पर पैर रखते ही उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान ने उन्हें नया जीवन दिया हो.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें