पटना। राष्ट्रपति पद की चुनावी प्रक्रिया के बाद अब उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनावी प3क्रिया शुरु हो गयी है। निर्वाचन आयोग उपराष्ट्रपति पद के निर्वाचन के लिए राष्ट्रपतीय और उपराष्ट्रपतीय निर्वाचन अधिनियम, 1952 के अधीन अधिसूचना जारी कर दी है। इस चुनाव के लिए मतदान 6 अगस्त को होगा। आपको बता दें कि वर्तमान उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्म हो रहा है।
इस चुनाव में 19 जुलाई तक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है जबकि नामांकन पत्रों की जांच 20 जुलाई को होगी। 22 जुलाई तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। वहीं अगर चुनाव होने की जरुरत हुई तो वोटिंग 6 अगस्त को होगा।चुनाव आयोग ने उप-राष्ट्रपति चुनाव के लिए उत्पल कुमार सिंह को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया है। इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य वोट देने के पात्र होते हैं, जिसमें मनोनीत सदस्य भी शामिल होते हैं। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं।
इससे पहले इस समय राष्ट्रपति चुनाव की गहमागहमी है। एनडीए की ओर से द्रौपदी मूर्मु उम्मीदवार है जबकि विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। यह चुनाव 18 जुलाई को होगा और 21 जुलाई को वोटों की गिनती होगी। इस समय दोनों पक्षों की ओर से देश भर में समर्थन जुटाने के लिए दोनों उम्मीदवार जोर शोर से लगे हैं।

