Desk: कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के केन्द्र के फैसले का स्वागत करते हुए तेजस्वी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि ‘’बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष समारोह में हमने आदरणीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देकर देश के किसी भी प्रधानमंत्री के बिहार विधानसभा में प्रथम आगमन को और अधिक यादगार बनाने की माँग रखी थी।‘’ इसके साथ ही उन्होंने वो वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की मांग की थी।
इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमन कुमार मल्लिक ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का ऐलान करने के लिए देश की माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया हैं। श्री मल्लिक ने कहा की कर्पूरी ठाकुर भारत के स्वतंत्रता सेनानी,देश के सम्मानित राजनीतिज्ञ तथा बिहार राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कहा की उनकी लोकप्रियता और सेवा भावना के कारण उन्हें जननायक कहा जाता था।
मल्लिक ने कहा की कर्पूरी ठाकुर सदा गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ते रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए पिछड़ों को आरक्षण के जरिये बहुत सम्मान दिया। उन्होंने कहा की कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन सदैव समाज के बेहतरी के लिए था। श्री मल्लिक ने कहा की कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलना बिहार के लिए गर्व की बात हैं।
