बोकारो:राज्यभर में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे SIR को लेकर सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कमर कस ली है. इसको लेकर बोकारो जिले में बुधवार को बीएलए 2 का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक और महासचिव विनोद पांडे ने शिरकत की.

बूथ में तैनात एजेंट को नाम कटे जाने की दी गई जानकारी

जिले के सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में बूथ में तैनात एजेंट को काटे जा रहे नाम से संबंधित जानकारी दी गई. पूरे राज्य में बोकारो जिले में सबसे अधिक मतदाताओं का नाम काटा है. जिसमें बोकारो विधानसभा में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए है.

सभी को जमीनी स्तर पर काम करने का निर्देश

इस दौरान सभी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर मतदाता सूची से नाम कट जाता है तो इसका सीधा प्रभाव सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर पड़ेगा. वोटर लिस्ट में नाम रहना बहुत जरूरी है. अगर इस पर ध्यान नहीं दिया जाएगा तो इसका काम पूरा होने के बाद भी सरकार इस पर कुछ नहीं कर सकती है. इसीलिए बीजोपी की इस साजिश को नाकाम करने के लिए सभी को जमीनी स्तर पर काम करना होगा,क्योंकि बीजेपी सत्ता हासिल करने के लिए बंगाल और बिहार में एसआईआर को हथियार बना चुकी है जिसका परिणाम सबके सामने है.